उपजिला अस्पताल में जांच के लिए अब देना होगा शुल्क

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : उपजिला चिकित्सालय में एक अक्तूबर से मरीजों को पैथोलॉजी जांच के लिए शुल्क चुकाना होगा। राज्य सरकार की नि:शुल्क डायग्नोस्टिक योजना के तहत चंदन डायग्नोस्टिक के माध्यम से मिल रही मुफ्त जांच की सुविधा 30 सितंबर को समाप्त हो गई है। अब अस्पताल की अपनी पैथोलॉजी लैब में जांचें होंगी और मरीजों को इसके लिए निर्धारित सरकारी शुल्क देना होगा।


उपजिला चिकित्सालय में अभी तक नि:शुल्क डायग्नोस्टिक योजना के तहत मरीजों की विभिन्न पैथोलॉजी जांचें बिना शुल्क हो रही थीं। उपजिला चिकित्सालय के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रचित गर्ग ने बताया कि राज्य सरकार की नि:शुल्क डायग्नोस्टिक योजना के तहत लोक-निजी सहभागिता (पीपीपी) के माध्यम से चंदन डायग्नोस्टिक के साथ किया गया अनुबंध 30 सितंबर को समाप्त हो गया है। इस संबंध में स्वास्थ्य महानिदेशालय से निर्देश भी मिल गए हैं। अस्पताल में जांच की सुविधा बंद नहीं होगी। गुरूवार से अस्पताल की अपनी पैथोलॉजी लैब में मरीजों की जांच की जाएगी। इसके लिए सरकारी दर के अनुसार शुल्क लिया जाएगा। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *