उर्गम सड़क कई जगहों पर बंद, 12 से अधिक गांवों का संपर्क कटा

Spread the love

ज्योतिर्मठ। बीते दिन क्षेत्र में हुई बारिश ने उर्गम घाटी को जोड़ने वाली एकमात्र सड़क को कई जगह पर बाधित कर दिया। सड़क बंद होने से करीब 12 से अधिक गांवों का संपर्क कट गया है। लोगों को आवाजाही के लिए पैदल चलना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार देर रात को तेज बारिश होने से उर्गम घाटी की सड़क पावर हाउस के पास क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क के कुछ जगह पर मलबा आ गया है जबकि कुछ जगह सड़क पर कटाव होने से गड्ढे हो गए हैं। इससे घाटी के भेंटा, भरकी, अरोसी, ग्वाना, पिलखी, सलना, देवग्राम, बड़गिंडा सहित अन्य गांव प्रभावित हुए हैं। सड़क बंद होने से लोगों की आवाजाही ठप हो गई है। लोगों को पैदल जाना पड़ रहा है। स्थानीय लक्ष्मण सिंह नेगी ने बताया कि भारी बारिश से सड़क बंद हो गई है। प्रशासन को जल्द से जल्द सड़क बहाल करनी चाहिए। वहीं तहसीलदार महेंद्र सिंह ने बताया कि संबंधित विभाग को सड़क के बारे में अवगत करा दिया गया है। जल्द से जल्द मार्ग सुचारु करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *