जंग के बीच रूस पर अमेरिकी प्रतिबंधों की बौछार, अब रूसी सेंट्रल बैंक के साथ सभी लेनदेन पर लगाया बैन
वाशिंगटन, एजेंसी।
अमेरिकी वित्त विभाग ने सोमवार को रूस के केंद्रीय बैंक और सरकारी निवेश कोष पर नये प्रतिबंध लगाये। अमेरिका ने रूस के केंद्रीय बैंक के साथ सभी लेन देन पर प्रतिबंध लगा दिया है। यूक्रेन पर रूस के हमले के जवाब में अमेरिका ने यह कदम उठाया है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा कि यह अमेरिकी वित्त विभाग का रूस की अर्थव्यवस्था को लेकर उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।
उसने कहा कि जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन, इटली, जापान, यूरोपीय संघ और अन्य देश अमेरिका के साथ मिलकर प्रतिबंधों के जरिये रूस के केंद्रीय बैंक को निशाना बना रहे हैं। वित्त मंत्री जेनेट येलेन ने कहा, हमने आज जो उल्लेखनीय कदम उठाया है, वह रूस की अपनी गतिविधियों को वित्तपोषित करने को संपत्ति के उपयोग की क्षमता को सीमित कर देगा़.़।
वित्त विभाग के अनुसार, इस कदम से रूसी केंद्रीय बैंक अमेरिका या किसी अमेरिकी इकाई से कोई कोष नहीं जुटा पाएगा। जो बाइडन प्रशासन के अनुसार इस कदम से रूस के अरबों डलर के वित्तपोषण पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
यूक्रेन पर रूस के हमले ने दुनिया को दो धड़ों में बांटकर रख दिया है। एक तरफ भारत जैसा देश तटस्थ रहने की कोशिश में है तो वहीं चीन और पाकिस्तान ने भी दूरी बना रखी है। इसके अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी जैसे पश्चिमी और यूरोपीय देश खुलकर रूस के सामने आ गए हैं। इनमें से कई देशों ने यूक्रेन को सैन्य हथियार मुहैया कराने से लेकर अन्य मदद देने की बात कही है। नाटो चीफ ने सोमवार को यूक्रेन को ऐंटी-टैंक हथियार और मिसाइलें देने का ऐलान किया। अब तक कुल देशों की ओर से यूक्रेन की ओर से मदद का ऐलान किया गया है।