किच्छा। सावन माह में होने वाले कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए तैयारियां तेज होने लगी हैं। सुुरक्षित और शांत यात्रा संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। दोनों राज्यों के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और संभावित समस्याओं पर चर्चा की। शुक्रवार को बहेड़ी क्षेत्र के मुंडिया में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई पुलिस अधिकारी पहुंचे। पुलिस उपाधीक्षक भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान अक्सर कानून व्यवस्था की समस्या आती है। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने आपस में बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्णय लिया। कांवड़ियों के बड़ी संख्या में आने पर यातायात को नियंत्रित करने की रूपरेखा प्रस्तुत की। तय हुआ कि हर कांवड़ समूह के मुखिया का मोबाइल नंबर दोनों राज्यों के अधिकारियों के पास होगा। इससे किसी भी आपातस्थिति में त्वरित संपर्क स्थापित किया जा सकेगा। दोनों राज्यों की पुलिस एक-दूसरे की सीमा तक सुरक्षा ड्यूटी मुहैया कराएगी।
उन्होंने बताया कि दोनों राज्यों के कुछ अपराधी सीमावर्ती क्षेत्रों में छिपे हैं जिनकी सूची एक-दूसरे को सौंपी है। इस कदम से अपराधियों पर शिकंजा कसने में मदद मिलेगी।