बिग ब्रेकिंग

उत्तराखण्ड की उन्नति के होंगे आने वाले दस वर्ष : मुख्यमंत्री

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल ने किया भाऊराव देवरस सभागार का लोकार्पण
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आने वाले 10 वर्ष उत्तराखण्ड की उन्नति के होंगे। उन्होंने इसके लिये सभी विभाग को विकास के लक्ष्य निर्धारित कर उस दिशा में कार्य करने को कहा। कहा कि विकास की दृष्टि से उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना हमारा लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से अपेक्षा की कि वे अपने जीवन में जो भी लक्ष्य चुनें उसमें पूर्ण मनोयोग से कार्य करें। यदि हम किसी कार्य को पूरी ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा से करते हैं, तो उसमें सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि जो भी अपना कार्यक्षेत्र चुनें, उसमें लीडर की भूमिका में रहें।
सोमवार को विकासखण्ड कनालीछीना के मुवानी में शेर सिंह कार्की सरस्वती विहार विद्यालय में भाऊराव देवरस सभागार का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय के विस्तार के लिये 50 लाख की धनराशि, रामगंगा में मोटर पुल के निर्माण तथा मुवानी महाविद्यालय की सड़क का डामरीकरण किये जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2025 तक उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं, इसके लिए खेल, शिक्षा, पर्यटन, उद्योग आदि प्रमुख विभागों की नई नीतियां बनाई गई हैं, इसमें स्वरोजगार की योजनाओं को प्रमुखता दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पलायन जैसी समस्या के निराकरण के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। युवाओं के हित में विभिन्न विभागों की स्वरोजगार परक नीतियां बनाई गई है। हमारा प्रयास अपने युवाओं की क्षमता का उपयोग राज्य हित में किये जाने का है। इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने अपने संबोधन में शेर सिंह कार्की द्वारा समाज हित में किये जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए विद्यालय को आदर्श विद्यालय बनाये जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि विद्यालय की अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिये मुंबई वासियों द्वारा भी सहयोग किया जा रहा है। कार्यक्रम में सांसद अजय टम्टा, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक गंगोलीहाट फकीर राम, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती दीपिका बोहरा, जिलाधिकारी रीना जोशी, पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह व अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!