Uncategorized

उत्तरी हरिद्वार में पेयजल किल्लत से लोग परेशान

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के कई इलाकों में बीते कई दिन से पेयजल किल्लत के चलते लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ रही है। शनिवार की रात नौ बजे बंद हुई पानी की आपूर्ति अगले दिन दोपहर में चालू हो सकी। स्थानीय लोगों ने पानी की समस्या से निजात के साथ ही नलकूपों पर जनरेटर लगाने की मांग उठाई है। उत्तरी हरिद्वार के खड़खड़ी, भूपतवाला सहित कई क्षेत्रों में शनिवार की रात नौ बजे पेयजल आपूर्ति ठप हो गई थी। पूरी रात सप्लाई बाधित रही। जबकि सुबह भी सुचारू नहीं हो सकी। स्थानीय निवासी व व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने बताया कि पानी की सप्लाई रात भर ठप रही। सुबह भी जब आपूर्ति चालू नहीं हुई तो जल संस्थान के अधिकारियों को शिकायत की गई। वहां से विद्युत आपूर्ति बंद होने के कारण पानी की सप्लाई बाधित होने की बात बताई गई। उन्होंने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से क्षेत्र में पानी की समस्या बहुत ज्यादा बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल बिजली बंद होने का बहाना बनाकर सप्लाई बंद करने का दावा कर रहे हैं। अगर बिजली के कारण पानी की सप्लाई नहीं हो रही है तो जितने भी शहर के अंदर नलकूप हैं, वहां जनरेटरों को लगाया जाए। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे ही पानी की समस्या बनी रही तो स्थानीय लोग धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। राजेश सुखीजा, विनोद गिरी, भूदेव शर्मा, दीपक मेहता, धर्मपाल प्रजापति ने बताया कि करीब 14 घंटे तक सप्लाई बाधित रहने से भारी दिक्कतें झेलनी पड़ी। आए दिन पानी की इस तरह की समस्या खड़ी हो रही है। इस समस्या का समाधान किया जाए। उधर, जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता राकेश चंद बमराडा ने बताया कि आपूर्ति सुचारू रूप से हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!