पंचायत प्रतिनिधियों को दिया सेन्सिटाइजेशन प्रशिक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : एनटीईपी के अंतर्गत विकासखंड कल्जीखाल सभागार में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पंचायत प्रतिनिधियों को एक दिवसीय सेन्सिटाइजेशन प्रशिक्षण दिया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी सीपी जोशी ने जनप्रतिनिधियों से स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायतों में वॉल पेंटिंग के माध्यम से टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य मंत्रालय विश्व स्वास्थ्य संगठन सहयोग से भारत टीबी मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम निरंतर चलाया जा रहा है। जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी सीपी जोशी ने टीबी के लक्षण और उसके नियंत्रण को लेकर उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों से स्वास्थ्य मिशन के तहत जानकारी देते हुए बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से ही भारत टीबी मुक्त हो पाएगा। उन्होंने कहा कि टीबी के लक्षण पाए जाने पर इसका उपचार डॉट्स के माध्यम से बहुत आसान है। इसमें ग्रामीण स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं की निगरानी में टीबी की दवाएं नियमित रूप से मरीज को खिलाई जाती हैं। इसका बाकायदा डॉट्स के तहत रोस्टर चार्ट जारी किया जाता है। यदि मरीज शुरुआती लक्षणों पर नियमित दवाइयां और खान-पान का ध्यान दें तो टीबी मरीज स्वस्थ हो सकता है। यदि नियमित दवाइयां नहीं ली गईं और उपचार में लापरवाही बरती गई तो मरीज को एमडीआर टीबी हो सकती है, जिसका लंबा उपचार होता है और महंगी दवाइयों का सेवन से मरीज ठीक होता है। हालांकि एमडीआर टीबी का उपचार भी नि:शुल्क होता है, लेकिन सरकार पर इसका आर्थिक प्रभाव पड़ता है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी, पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख महेंद्र सिंह, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख अर्जुन सिंह पटवाल, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पीएलवी जगमोहन डांगी, डॉ. शुभम सीएचसी घंडियाल, अनूप कंडारी ग्राम प्रधान धारकोट, बबीता देवी ग्राम प्रधान डांगू, सामाजिक कार्यकर्ता जसवीर रावत, यूबीपीएम शरद रौतेला, एसटीएस दीपक बिष्ट, बीएलए सुमन कुमार, अमित बलूनी, नीरज बिष्ट आदि उपस्थित रहे।