वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से गूंजा उत्तरकाशी जिला

Spread the love

उत्तरकाशी/बड़कोट/चिन्यालीसौड़। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जिलेभर में एक समय, एक स्वर, एक लय में सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्य कार्यक्रम रामचंद्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में हुआ। गोस्वामी गणेशदत्त सरस्वती विद्या मंदिर उत्तरकाशी की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। करीब 2300 छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन किया।
प्रभारी मंत्री ने वंदे मातरम् के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से देश की संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, दर्जाधारी प्रताप पंवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक-कर्मचारी और विभिन्न संगठनों के लोग मौजूद रहे। प्रधानाचार्य देवी प्रसाद नौटियाल ने बताया कि जिलेभर में 52 स्थानों पर हुए आयोजनों में 15 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और लोगों ने सहभागिता की। लक्षेश्वर के घनश्यामानंद सरस्वती विद्या मंदिर में 224 लोगों ने सामूहिक गायन किया।
उधर, बड़कोट के सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में विद्यालय स्टाफ, अभिभावकों, स्थानीय लोगों और छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में वंदे मातरम् गाया।
कार्यक्रम में कुल 114 लोगों ने भाग लिया। चिन्यालीसौड़ में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज शक्तिपुरम् में भी सुबह सामूहिक गायन हुआ। मुख्य अतिथि दर्जाधारी राम सुंदर नौटियाल समेत अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम में शिरकत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *