मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में दिया धरना

Spread the love

उत्तरकाशी। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन से जुड़े कर्मचारियों ने 12 सूत्री मांगों के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर मांगों के जल्द निस्तारण की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने कनिष्ठ सहायक का ग्रेड वेतन लेवल-5 करने, प्रधान सहायक एवं प्रशासनिक अधिकारी के पदों को समाहित कर प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पदों का पुनर्गठन करने की मांग की। साथ ही एक पद उप निदेशक लेवल-9 के अतिरिक्त सृजित करने की मांग उठाई। उन्होंने जिन विभागों में पदोन्नति नहीं हो रही है, वहां पदोन्नत एसीपी की व्यवस्था लागू करने, मिनिस्ट्रीयल पदों का पुनर्गठन जल्द कराने की मांग की। वहीं, कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध करने, गोल्डन कार्ड की समस्याओं का समाधान, स्थानांतरण अधिनियम की कठिनाइयां दूर करने और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के कर्तव्य एवं दायित्व संबंधी संशोधित शासनादेश जारी करने आदि की मांग की। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष अजय सिंह रावत, जयप्रकाश बिजल्वाण, अनिल रावत, जयप्रकाश गौड़, केपी मेहता, प्रेम प्रकाश नौटियाल, सुरेंद्र प्रसाद, यशपाल बिष्ट, बलवंत असवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *