जयंती पर वीरबाला तीलू रौतेली को किया याद

Spread the love

कांडा मल्ला में प्रशासनिक मेले के आयोजन की उठार्ई मांग
जयन्त प्रतिनिधि।
बीरोंखाल : विकासखंड बीरोंखाल के कांडा मल्ला में वीरबाला तीलू रौतेली की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं महिला मंगल दल की महिलाओं ने वीरबाला तीलू रौतेली के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।


इस अवसर पर महिला मंगल दल द्वारा पारंपरिक गीत “तीलू धकी धै” के माध्यम से वीरबाला तीलू रौतेली की वीरगाथा प्रस्तुत की गई। महिलाओं की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भाव-विभोर कर दिया और तीलू रौतेली के साहस, शौर्य एवं बलिदान को याद किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अनूप पटवाल ने कहा कि वीरबाला तीलू रौतेली की वीरगाथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने क्षेत्र में तीलू रौतेली की स्मृति को और व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाने के लिए कांडा मल्ला में प्रशासनिक मेले के आयोजन की मांग रखी। उन्होंने टकौलीखाल से कांडा तक तीलू विजय पथ विकसित किए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली से जुड़े इस क्षेत्र को उनकी वीरगाथा से जोड़ते हुए पर्यटन एवं सांस्कृतिक दृष्टि से विकसित किया जा सकता है। इससे क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान मजबूत होने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्रामीणों, महिला मंगल दल की महिलाओं एवं अन्य लोगों ने भाग लिया और वीरबाला तीलू रौतेली के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *