विद्यार्थियों ने किया रामलीला का मंचन, मोहा मन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : एमकेवीएन एजुकेशनल ग्रुप की तीनों शाखाओं में दशहरा पर्व की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की आकर्षक झांकियां निकालने के साथ रामलीला का मंचन किया। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का संदेश दिया।


कण्वघाटी शाखा में आयोजित कार्यक्रम मेंं छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की वेशभूषा धारण कर मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं। वहीं, दुर्गापुरी शाखा के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्साह पूर्वक भाग लिया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यार्थियों ने इको-फ्रेंडली सामग्री और कागज से रावण के छोटे-छोटे पुतले तैयार किए। इस दौरान विजयादशमी के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर भाषण भी प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। वहीं, देवी रोड स्थित शाखा में भी दशहरा पर्व उत्साह और पारंपरिक तरीके से मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार किए गए आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड और हस्तशिल्प की प्रदर्शनी लगाई। इन रचनात्मक कलाकृतियों में विजयादशमी की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शस्त्र पूजन और विद्या पूजन के महत्व से अवगत कराया गया। छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों का आशीर्वाद लिया और पारंपरिक गीतों पर सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *