नौ लाख की स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही तस्करी के तार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोतवाली पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से कुल 30.40 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अब आरोपितों के संपर्कों और स्मैक की सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।


पुलिस के अनुसार, नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक विशेष टीम गठित की गई है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बीईएल रोड पुल के समीप दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़कर तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से स्मैक बरामद हुई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान श्रीनगर गढ़वाल के ग्राम गैर स्वींत निवासी सौरभ पंवार और श्रीनगर के न्यू ढांग निवासी लक्की भंडारी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान लक्की भंडारी के पास से 16.70 ग्राम और सौरभ पंवार के कब्जे से 13.70 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपित स्थानीय युवकों तक स्मैक पहुंचाने की योजना बना रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वे स्मैक कहां से लेकर आए थे और इस मामले में उनके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *