जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैंण में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत जन जागरूकता अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान एवं गंगा आरती का सफल आयोजन किया गया। जन-जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने, प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करने तथा नदियों एवं पर्यावरण के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से प्रतिभागियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस मौके पर विद्यार्थियों ने स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया। इस दौरान श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ गंगा आरती का आयोजन किया गया। आरती के माध्यम से माँ गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखने का संदेश दिया गया। महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।