श्रीनगर गढ़वाल : विकासखंड कीर्तिनगर के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय कणोली के कलस्टर विद्यालय राइंका जखंड में विलय का ग्रामीणों ने विरोध जताया। बैठक के बाद ग्राम प्रधान जगदीश लाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी, कीर्तिनगर को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय का विलय निरस्त करने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय में छात्र संख्या लगातार बढ़ रही है और यहां कणोली, टकोली, तल्यामंडल, कफल्ड तथा पैंडुला सहित लगभग पांच ग्राम पंचायतों के छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय का परीक्षा परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा है। विद्यालय के विलय होने पर भविष्य में इस विद्यालय पर भी असर पड़ेगा। विद्यालय मुख्य सड़क से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है और विद्यालय में बच्चों की पहुंच आसान है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी यदि विद्यालय के विलय का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो वे जनहित में आंदोलन करेंगे। इस मौके पर अनूप बडोनी, दीपक बडोनी, बीर सिंह, रश्मि बडोनी, मीनाक्षी देवी, सरोजनी देवी, पुष्पा देवी और सुनीता देवी आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)