ग्रामीणों ने मांगों को लेकर किया क्रमिक अनशन शुरू

नई टिहरी : भिलंगना ब्लॉक के सीमांत गांव गंगी में बिजली और मोबाइल टावर लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने शीघ्र मांग पूरी नहीं होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी भी दी है। गुरुवार को गंगी गांव के सोमेश्वर देवता मंदिर प्रांगण में शुरू हुए क्रमिक अनशन को लेकर ग्रामीण शौकीन भंडारी, पूर्व प्रधान नैन सिंह राणा ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष और उत्तराखंड बनने के 24 वर्ष बाद भी गांव का विद्युतीकरण नहीं हो पाया है। साथ ही मोबाइल कनेक्टिविटी से भी ग्रामीण अभी तक महरूम हैं। इस संबंध में कई बार शासन-प्रशासन से मांग की गई, लेकिन ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि गांव में बिजली न होने से आपदा प्रभावित ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। साथ ही जंगली जानवरों का भी भय बना रहता है। इसके अलावा मोबाइल कनेक्टिविटी न होने से ग्रामीणों को देश-विदेश से अपने लोगों से संपर्क करने के लिए 22 किमी. दूर घुत्तु जाना पड़ता है। उन्होंने मांगों पर शीघ्र कार्यवाही न होने पर भूख हड़ताल की भी चेतावनी दी। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *