तहरीर के आधार पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कुछ माह पूर्व एक दुकान का नाम बदलने को लेकर चर्चा में आए दीपक कुमार उर्फ मो. दीपक पर एक कपड़ा व्यापारी ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने दीपक कुमार को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी की जानकारी के बाद व्यापारियों ने कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोश रैली निकालते हुए कोतवाली परिसर में धरना दिया। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त किया।

नजीबाबाद के कलालान मोहल्ला निवासी संजीव टांक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह अपनी दुकान के बाहर इरफान, अहसान, मोहनीश और असहद के साथ खड़े थे। इसी दौरा दीपक कुमार स्कूटी से वहां पहुंचा और कथित तौर पर हिंदू समाज को लेकर अपशब्द कहने लगा। संजीव टांक के अनुसार, विरोध करने पर दीपक ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद वह भयभीत हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ माह पूर्व उनका हृदय संबंधी ऑपरेशन हुआ है और उन्हें दीपक से अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस हो रहा है। घटना की जानकारी व्यापार संघ को मिलने के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी गंगादत्त जोशी मार्ग पर एकत्र हुए। इसके बाद नारेबाजी करते हुए व्यापारी कोतवाली पहुंचे और परिसर में धरने पर बैठ गए। व्यापारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर कोतवाली पहुंचे और व्यापारियों से वार्ता की। उन्होंने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी जताई चिंता
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि दीपक कुमार की ओर से सोशल मीडिया पर हिंदू समाज को लेकर विवादित पोस्ट किए जाते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की पोस्ट से शहर का माहौल प्रभावित हो सकता है। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर ने बताया कि पुलिस दीपक कुमार के सोशल मीडिया अकाउंट पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी उससे विवादित पोस्ट हटवाए गए हैं। मामले में पुलिस की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
दुकान के नाम को लेकर पहले भी आया था चर्चा में
दीपक कुमार उर्फ मो. दीपक कुछ माह पूर्व पटेल मार्ग स्थित एक दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के बाद चर्चा में आया था। बताया गया था कि मुस्लिम समुदाय के एक व्यक्ति की दुकान के नाम को बदलने की मांग को लेकर कुछ युवक वहां पहुंचे थे। इसी दौरान दीपक कुमार संबंधित दुकानदार के पक्ष में सामने आया था। मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई थी। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति को संभाल लिया था। इसके बाद यह मामला सोशल मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों में चर्चा में रहा। बाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत अन्य लोगों की दीपक कुमार से मुलाकात की खबरें भी सामने आई थीं। राहुल गांधी के प्रस्तावित पौड़ी दौरे के दौरान कोटद्वार में दीपक के जिम जाने की भी चर्चा थी, हालांकि मौसम खराब होने के कारण उनका पौड़ी दौरा रद्द हो गया था।