30 दिवसीय अभ्यास शिविर का विधायक राजकुमार पोरी ने किया शुभारंभ
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नयारघाटी के बिलखेत में पहाड़ के नौनिहाल अब आसमान में उड़ान भरने के साथ पैराग्लाइडिंग की बारीकियां सीख रहे हैं। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) की ओर से आयोजित 30 दिवसीय पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर का गुरुवार को लैंसडौन विधायक राजकुमार पोरी ने शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि बिलखेत क्षेत्र में एयरो स्पोट्र्स की अपार संभावनाएं हैं। इन्हीं संभावनाओं को देखते हुए बिलखेत में राष्ट्रीय स्तर का पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने की दिशा में कार्यवाही गतिमान है। उन्होंने कहा कि नयार नदी में एंगलिंग और बोटिंग समेत कई अन्य पर्यटन योजनाएं भी पाइपलाइन में हैं। विधायक ने कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से नयारघाटी को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने से युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार से जुड़ने का अवसर मिलेगा। जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी ने बताया कि एक से 30 अक्टूबर तक चलने वाले शिविर में यूटीडीबी के पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञ बलवंत कपकोटी के निर्देशन में प्रशिक्षणार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें उड़ान भरने से लेकर लैंडिंग तक की तकनीक और पैराग्लाइडिंग की बारीकियां सिखाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षणार्थी ढाढ़ूखाल से टेकऑफ कर बिलखेत से सटे मैदान में लैंडिंग का अभ्यास करेंगे। शिविर में टिहरी, भीमताल, देहरादून समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए करीब 20 प्रशिक्षणार्थी हिस्सा ले रहे हैं। इस अवसर पर पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञ विक्रम सिंह नेगी, ग्राम प्रधान बिलखेत रश्मि देवी, ओम प्रकाश जुगराण, राकेश नौडियाल, संतोष डबराल समेत प्रशिक्षणार्थी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।