भाजपा सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रकोष्ठ की बैठक में सामाजिक भूमिका और संगठन विस्तार पर चर्चा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारतीय जनता पार्टी हर वर्ग और क्षेत्र के लोगों के हित में गंभीरता से कार्य कर रही है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों का लंबा सेवाकाल, अनुभव और अनुशासन संगठन के साथ ही समाज के लिए भी महत्वपूर्ण है। उनके अनुभव का उपयोग सामाजिक सरोकारों और सेवा कार्यों में किया जाना चाहिए। यह बात भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रकोष्ठ की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने अनुभव और सामाजिक सक्रियता के माध्यम से समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उनके अनुभव को संगठनात्मक और सेवा गतिविधियों से जोड़कर विकसित भारत के संकल्प को मजबूती दी जा सकती है। राज गौरव नौटियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा के प्रतीक हैं। इसी भावना को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदेश संयोजक रमेश रमोला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा यात्रा में सेवा, सुशासन और अंत्योदय की भावना प्रमुख रही है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से इस भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश सह संयोजक हरीश नौटियाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जिला प्रकोष्ठ प्रभारी प्रमोद डोबरियाल ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रकोष्ठ को जिला स्तर के साथ ही मंडल और बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने के लिए निरंतर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अनिल नवानी, जिला सह-प्रकोष्ठ प्रभारी प्रमोद बंसल, जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी, विजयानंद पोखरियाल, हरी सिंह पुंडीर, जिला महामंत्री सुरेंद्र आर्य, असीम रॉय, मनमोहन कोठारी, प्रकाश डबराल, भाष्कर नौटियाल समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।