वरिष्ठ नागरिक संगठन के कार्यक्रम में समाज के प्रति योगदान और शिक्षा को दिया गया सम्मान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वरिष्ठ नागरिक संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उम्र के 80 वर्ष पूरे कर चुके बुजुर्गों को सम्मानित किया गया। इस दौरान हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में 90 वर्ष की आयु पूरी कर चुके रघुवीर सिंह रावत को विशेष रूप से सम्मानित करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व अपर शिक्षा निदेशक प्रदीप रावत और डा. सुनीता नौटियाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मेहरबान सिंह कंडारी विद्या मंदिर इंटर कालेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। समारोह के दौरान संगठन से जुड़े 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सात वरिष्ठ नागरिकों को फूलमाला पहनाकर, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण माध्यम है। समाज में उनके योगदान और जीवन के अनुभवों को सम्मान देना सभी की जिम्मेदारी है। इसी क्रम में स्थानीय विद्यालयों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के सात मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनकी मेहनत की सराहना की गई और भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में पीएल खंतवाल, राजेंद्र प्रसाद पंत, रिपुदमन सिंह बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट, महेंद्र कुमार अग्रवाल, विनोद नेगी, सुनील नवानी, रमेश चंद्र खंतवाल, प्रवेश नवानी, जनार्दन प्रसाद ध्यानी, शंकर दत्त गौड़ और जयभारत असवाल समेत संगठन के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।