श्रीनगर गढ़वाल : स्वकर के विरोध में बुधवार को व्यापारियों ने नगर निगम परिसर से लेकर बोर्ड बैठक तक विरोध दर्ज कराया। गणेश बाजार से जुलूस निकालकर नगर निगम पहुंचे व्यापारियों ने पहले सभागार के बाहर सांकेतिक धरना दिया। इसके बाद सभागार में पहुंचकर चल रही बोर्ड बैठक के बीच भी प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने स्वकर वापस लेने की मांग उठाते हुए मेयर आरती भंडारी को ज्ञापन सौंपा।

बुधवार को व्यापार सभा के पदाधिकारी और अन्य व्यापारी व्यापार एकता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए नगर निगम पहुंचे। निगम सभागार में इस दौरान बोर्ड बैठक चल रही थी। सभागार के दरवाजे बंद होने पर व्यापारी बाहर सांकेतिक धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। दरवाजे खुलने पर व्यापारी सभागार में पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए बोर्ड के समक्ष स्वकर का मुद्दा उठाया। व्यापारियों ने कहा कि श्रीनगर को नगर निगम बनाए जाने के बाद उन पर अतिरिक्त कर का बोझ नहीं डाला जाना चाहिए। सरकार या तो स्वकर माफ करे अथवा इसे वापस लेकर पूर्व नगर पालिका की व्यवस्था के अनुरूप कर निर्धारण करे। उन्होंने कहा कि पहले से ही व्यापार चलाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में नए कर और शुल्क से कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ेगा। व्यापारियों ने यूपीआई प्वाइंट से जुड़े शुल्क का मुद्दा भी उठाया। कहा कि व्यापारियों पर लगातार नए कर और शुल्क का भार बढ़ाया जा रहा है। प्रदर्शन में व्यापार सभा अध्यक्ष अनुज जोशी, महासचिव छवि प्रकाश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पंकज नेगी, व्यापार जिला अध्यक्ष वासुदेव कंडारी, प्रवीण अग्रवाल, रामानंद भट्ट, शार्दुल शाह, जावेद अंजूम, आसिफ, खिलेंद्र चौधरी और आशीष सडाना आदि शामिल रहे। (एजेंसी)