स्कूल के सामने सड़क पर भरा पानी, बच्चे परेशान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम के वार्ड नंबर 26 बलभद्रपुर में डीएवी स्कूल के सामने सड़क पर जल भराव की समस्या बनी हुई है। सड़क तालाब के रूप में तब्दील है। जिसके चलते बच्चों को काफी परेशानी हो रही है। पानी की निकासी न होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। वर्षा होने पर सड़क पर काफी पानी जमा हो जाता है। घुटने भर पानी जमा होने के चलते बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार तो बच्चों को जूता हाथ में लेकर जाना पड़ता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी नगर निगम के अफसर सुध नहीं ले रहे हैं। गंदगी के कारण बीमारियां फैलने का भी डर बना हुआ है।
मंगलवार को सुबह हुई मूसलाधार बारिश से डीएवी स्कूल के पास सड़क पर करीब दो फीट पानी जमा हो गया। जिस कारण बच्चों एवं अभिभावकों को स्कूल जाने में दिक्कतें उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों ने बताया कि काफी दिनों से सड़क पर यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन समाधान नहीं किया जा रहा है। डीएवी स्कूल में नगर निगम क्षेत्र के सैकड़ों बच्चे पढ़ने आते है। बारिश के समय स्कूल के सामने घुटने भर पानी भर जाने से स्कूल तक पहुंचाना काफी मुश्किल हो जाता है। उन्होंंने कहा कि यह समस्या काफी लंबे समय से है। पानी की निकासी न होने के कारण स्कूल के सामने सड़क पर बरसात का पानी जमा हो जाता है। कई बार नगर निगम के अधिकारियों इसकी शिकायत कर चुके है, लेकिन स्थिति जस की तस है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों से समस्या का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द समस्या का निराकरण करने की मांग की है।