जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राज्य सरकार द्वारा सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) पंचायत को क्षेत्र पंचायत का सचिव नामित करने की घोषणा का ग्राम प्रधान संगठन दुगड्डा ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। संगठन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कहा कि यह निर्णय उत्तराखंड की पंचायती राज व्यवस्था को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
प्रधान संगठन के अध्यक्ष सरदार सिंह नेगी ने कहा कि एडीओ पंचायत की पूरी सेवा पंचायती राज अधिनियम, नियमावली, ई-ग्राम स्वराज, जीपीडीपी और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी होती है। ऐसे में उन्हें क्षेत्र पंचायत सचिव का दायित्व दिए जाने से क्षेत्र पंचायत की कार्यप्रणाली अधिक तकनीकी रूप से सक्षम और नियमानुसार संचालित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) पर मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन समेत कई विभागों की अतिरिक्त जिम्मेदारियां हैं। इससे क्षेत्र पंचायत के कार्य प्रभावित होते हैं। एडीओ पंचायत को पूर्णकालिक सचिव बनाए जाने से बैठकों के आयोजन, बजट निर्माण और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।