डीएम की देखरेख में गेहूं की हुई क्रॉप कटिंग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : तहसील रुद्रप्रयाग की ग्राम सुमेरपुर में कृषक गोविंद सिंह एवं श्रीमती सावित्री देवी के खेत में पहुंच कर जिलाधिकारी सौरभ गहरवार की देखरेख में गेहूं की फसल की क्रॉप कटिंग (कटाई) की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आधुनिक/जैविक खेती करने के लिए संबंधित विभागों द्वारा कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिसके लिए संबंधित विभागों द्वारा कृषकों को गुणवत्तायुक्त बीज एवं उचित प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सभी कृषकों को इसका अधिक से अधिक लाभ लेने को कहा ताकि किसानों की आर्थिकी मजबूत होने के साथ ही वह आत्मनिर्भर हो सकें। उन्होंने किसानों को फसल गेहूं का अधिक से अधिक बीमा कराने हेतु प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्होंने किसानों की समस्याओं को सुनते हुए उनके निराकरण हेतु आश्वासन दिया। अपर सांख्यिकी अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि सुमेरपुर गाँव में फसल कटाई पर नियम के अनुसार दो प्रयोगात्मक प्लाट बनाए गए। जिनमें फसल कटाई कर प्रयोग संपन्न किए गए। कहा कि प्रथम प्लाट की उपज 17.100 किग्रा तथा द्वितीय प्लाट की उपज 15.600 किग्रा प्राप्त हुई। उक्त प्रयोगों के आधार पर गांव में फसल गेहूं की औसत उपज 31 कु./है. का अनुमान है। दोनों प्रयोग बीसीई एग्री एप तथा डीजीसीईएस एप पर सफलता पूर्वक अपलोड किए गए। इस अवसर पर बीमा कंपनी के प्रतिनिधि आसिफ, उप जिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, राजस्व उप निरीक्षक धनपाल सिंह पंवार, प्रियंका, पूर्व प्रधान सुमेरपुर कमल सिंह बुटोला सहित कृषक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *