जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन संगठन की ओर से पुरानी पेंशन बहाली और टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंदोलन को तेज करने और आगामी रणनीति तय करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
राजकीय इंटर कॉलेज, कोटद्वार में जिलाध्यक्ष अनूप जदली की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली और टीईटी की अनिवार्यता समाप्त कराने के लिए अब निर्णायक संघर्ष का समय आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एनपीएस, यूपीएस और टीईटी जैसी व्यवस्थाओं को कर्मचारियों पर थोप रही है, जिसका देशभर में विरोध हो रहा है। जिलाध्यक्ष अनूप जदली ने कहा कि प्रदेशभर के कर्मचारी ब्लॉक, तहसील, जिला और प्रांतीय स्तर पर आंदोलन को और अधिक मजबूत करेंगे तथा अपनी मांगों के समर्थन में चरणबद्ध तरीके से संघर्ष करेंगे। बैठक का संचालन अनिल कोटनाला ने किया। इस अवसर पर राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री एवं पुरानी पेंशन आंदोलन के जिला संरक्षक मनमोहन चौहान, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय बिष्ट, उद्यान विभाग से गोपीचंद्र विधूड़ी तथा वन विभाग के मंडलीय अध्यक्ष शेखर जोशी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।