महिला हुई ऑनलाइन ठगी का शिकार

Spread the love

– गूगल से खोजा कस्टमर केयर नंबर, 98 हजार कटे
हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर की रहने वाली एक महिला ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गई। जालसाज ने ब्लिंकिट ऐप का फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर महिला के दो बैंक खातों से कुल 98210 रुपये उड़ा लिए। पीड़िता की तहरीर पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र रुद्रपुर से मिली शिकायत के आधार पर मुखानी में मुकदमा दर्ज किया गया है।जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला ने बीते छह मई को ब्लिंकिट ऐप से कुछ सामान ऑर्डर किया था। ऑर्डर में तकनीकी खराबी आने पर उन्होंने गूगल से कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया। वहां मिले मोबाइल नंबर पर जब महिला ने कॉल की तो आरोपी ने खुद को ब्लिंकिट का अधिकारी बताया।झांसा देते हुए आरोपी ने महिला के व्हाट्सएप पर एक पीडीएफ फाइल भेजी, जिसके पीछे एपीके लिखा था। पीड़िता ने जैसे ही उस फाइल को ओपन किया, साइबर अपराधी ने उनके कंप्यूटर-मोबाइल संसाधनों का अनधिकृत एक्सेस ले लिया। इसके बाद 16 मई को बिना किसी सहमति के उनके बैंक खाते से 98 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई थी। एसओ मुखानी सुशील जोशी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *