कर्मियों की आंखों में मिर्च डाल नशा मुक्ति केंद्र से 8 युवक भागे, पकड़े गए

Spread the love

हल्द्वानी(। काठगोदाम के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती आठ युवकों ने सोमवार देर शाम कर्मचारियों की आंखों में मिर्च झोंकी और फरार हो गए। वहीं पुलिस ने शिकायत मिलने पर गुमशुदगी दर्ज करते हुए कुछ ही घंटों में सभी को अलग-अलग स्थानों से बरामद कर लिया। जानकारी के मुताबिक काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र स्थित निजी नशा मुक्ति केंद्र में दस युवक भर्ती हैं। इन्हें यहां एक महीने से लेकर आठ महीने तक हो चुके हैं। सीओ अमित सैनी ने बताया कि सोमवार शाम स्टाफ के मुख्य लोग किसी बैठक में शामिल होने गए थे। तभी भर्ती युवकों ने भागने की योजना बनाई। केंद्र में तैनात दो सुरक्षाकर्मियों को चकमा देने के लिए युवकों ने उनकी आंखों में मिर्ची और नींबू का घोल बनाकर डाल दिया और वहां से रफूचक्कर हो गए। घटना के बाद केंद्र में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस व अन्य स्टाफ को दी गई। सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस ने अलर्ट जारी कर गुमशुदगी लिखी। युवकों की तलाश में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो युवकों को काठगोदाम क्षेत्र से ही दबोच लिया। दोनों हल्द्वानी के ही रहने वाले हैं। बाकी छह युवक अपने-अपने घरों में मिले हैं। एसएचओ जसवीर सिंह चौहान का कहना है कि केंद्र से भागे युवक सितारगंज, पिथौरागढ़ और हल्द्वानी के रहने वाले हैं।नशा मुक्ति केंद्रों पर लगते आए हैं संगीन आरोपहल्द्वानी के तमाम नशा मुक्ति केंद्रों पर कुछ सालों से संगीन आरोप लगते आए हैं। हाल ही में एक 17 साल के किशोर से नशा मुक्ति केंद्र में मारपीट करने का आरोप उनके परिजनों ने लगाया था। उपचार के दौरान डॉ.सुशीला तिवारी अस्पताल में किशोर की मौत हो गई थी। इससे पहले 2023 में पिथौरागढ़ के युवक की हत्या नशा मुक्ति केंद्र में हो गई थी। केंद्र में कर्मियों की ओर से प्रताड़ित करने के आरोप लगते हैं जिसके बाद यहां से किसी भी तरह भर्ती मरीज निकलने की सोचते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *