देहरादून। ऋषिकेश के भट्टोवाला क्षेत्र में हुई गोलीबारी की दुस्साहसिक और दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने गहरा क्षोभ और चिंता जताई है। स्वयं ऋषिकेश की निवासी होने के नाते स्थानीय जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए उन्होंने वारदात को लेकर संवेदनशीलता दिखाते हुए शुक्रवार को एम्स ऋषिकेश का दौरा किया। एम्स में उन्होंने गोलीबारी में घायल दोनों युवकों से मुलाकात कर उनकी स्थिति जानी। अस्पताल प्रशासन व वरिष्ठ चिकित्सकों को निर्देशित किया कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए, उन्हें उच्च स्तरीय व त्वरित चिकित्सा दीं जाए। उन्होंने अस्पताल परिसर में मौजूद पीड़ित परिवारों व तीमारदारों से भेंट कर ढांढ़स बंधाकर आश्वासन दिया कि इस कायराना कृत्य को अंजाम देने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कोतवाली प्रभारी (एसएचओ) ऋषिकेश कैलाश चंद्र भट्ट से घटना की पूरी जानकारी ली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को फोन के माध्यम से कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। इस घटना के गहरे विश्लेषण के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाहरी और अनजान व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन होना बेहद जरूरी है।