देहरादून। जमीन बेचने में धोखाधड़ी कर चार आरोपियों ने 8.35 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ितों ने अपनी जमीन पर बाउंड्रीवाल कराई तो दूसरे पक्ष ने उसे यह कहकर तोड़ दिया कि जमीन उनकी है। बसंत विहार थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ बसंत विहार शैंकी कुमार ने बताया कि कालिका विहार फेज-दो, बंजारावाला निवासी मनोज सिंह रावत ने तहरीर दी। बताया कि वर्ष 2022 में अटल थपलियाल निवासी पट्टियोंवाला, विपिन शर्मा और दलीप बिष्ट ने उन्हें और उनके जेठू ताजबर सिंह को हरीश कुमार का एक प्लॉट दिखाया था। यह 115 गज जमीन ईस्ट होप टाउन में थी। आरोपियों ने 8.35 लाख रुपये लेकर ताजबर सिंह के नाम पर वर्ष 2022 में जमीन का बैनामा करा दिया। बैनामा होने के बाद उन्होंने अपनी जमीन पर बाउंड्रीवाल का निर्माण करा लिया था। वर्ष 2023 में कुलविंदर भंडारी और उसकी माता शांति देवी ने उस बाउंड्रीवाल को यह कहते हुए तोड़ दिया कि यह प्लाट उनका है। आरोप है कि जमीन मालिक, दलालों और बाउंड्री तोड़ने वालों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत मिलीभगत कर उनके लाखों रुपये ठगे हैं। पुलिस ने अटल थपलियाल, निवासी पट्टियों पटेलनगर, विपिन, दलीप कुमार और हरीश कुमार निवासी स्मिथनगर को आरोपी बनाते हुए केस दर्ज कर लिया है। तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।