पानी को परेशान महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर प्रदर्शन किया

Spread the love

पिथौरागढ़। बेरीनाग के आम्बेडकर गांव बोरा आगर में पानी की समस्या से महिलाएं परेशान हैं। मंगलवार को आक्रोशित महिलाओं ने खाली बर्तन हाथ में लेकर प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना है कि नलों में पानी की नियमित सप्लाई न होने से उनकी रोजमर्रा के कामकाज का रूटीन गड़बड़ा गया है। दिन का अधिकतर समय इन दिनों प्राकृतिक धारों की दौड़ लगाने में ही गुजर रहा है। बोराआगर गांव में ग्राम प्रधान सुनील कुमार के नेतृत्व में लोग एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रधान ने कहा कि यहां करीब 70 परिवार हैं, जो पानी के लिए 60 वर्ष पुरानी पेयजल योजना पर निर्भर हैं। कहा कि जल जीवन मिशन हर घर नल हर घर जल योजना से ग्रामीणों को उम्मीद थी, लेकिन पुराने स्रोत से ही नए पाइप लाइन जोड़कर योजना पूरी दिखा दी गई। इससे गांव में पेयजल संकट बना हुआ है। कहा विभाग को सूचना देने के बाद भी समस्या दूर नहीं हो रही। कांग्रेस नेता जगदीश कुमार ने कहा कि जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की पेयजल की समस्या दूर करने के लिए बनाई गई थी, लेकिन भारी भरकम बजट खर्च करने के बावजूद लोगों को जरूरत के अनुसार पानी नहीं मिल रहा है। प्रदर्शन करने वालों में हीरा देवी, गंगा देवी, अंजू देवी, आनंदी देवी, किरन, कुसुम, अंजलि, रेखा देवी, सीमा देवी, नंदी देवी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *