भ्रामक पोस्ट पर एफआईआर न होने से भड़के कांग्रेसी

Spread the love

रुद्रपुर। एआई का दुरुपयोग कर फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नाम से आपत्तिजनक व भ्रामक पोस्ट वायरल किए जाने के मामले में एफआईआर दर्ज न होने पर कांग्रेसी भड़क उठे। कोतवाली पहुंचे कांग्रेसियों को जब वहां कोतवाल और एसएसआई नहीं मिले तो उन्होंने सीओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। बाद में सीओ ने तीन-चार दिन में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। बीते रविवार को पार्षद गौरव खुराना ने पुलिस को तहरीर देकर गोदियाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। दो दिन बीतने के बाद भी कार्रवाई न होने पर कांग्रेसी नेता मोहन खेड़ा और संजय जुनेजा के नेतृत्व में कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे। यहां कोतवाल और एसएसआई के न मिलने पर उनका आक्रोश बढ़ गया और वे प्रदर्शन करते हुए सीओ प्रशांत कुमार के कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सीओ ने शांतिपूर्ण ढंग से बात रखने को कहा। कांग्रेसियों ने कोतवाली में अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी जताई और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। सीओ ने आश्वासन दिया कि दो-तीन दिन में जांच पूरी कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कांग्रेसी नेत्री मोनिका डाली, पार्षद जितेश शर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फर्जी आईडी से छवि बिगाड़ने का आरोप: सितारगंज। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फर्जी आईडी बनाकर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। मंगलवार को नगर अध्यक्ष सरताज अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ता एसएसआई राजेंद्र प्रसाद से मिले। उन्होंने बताया कि एआई के जरिए फोटो व वीडियो बनाकर भ्रामक सामग्री वायरल की जा रही है, जो कानूनन अपराध है। आरोप है कि पोस्ट के माध्यम से सामाजिक छवि धूमिल करने और आपत्तिजनक टिप्पणियां फैलाने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेसियों ने मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। यहां कांग्रेस प्रदेश सचिव नवतेज पाल सिंह, शक्तिफार्म ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम आचार्य, करन जंग, हरपाल सिंह, हरीश दुबे, दयानंद सिंह, रामनगीना प्रसाद, बिपिन खोलिया, सिराजुद्दीन, विभूति प्रसाद, श्रीकांत, सुमिंदर यादव, सतीश अरोरा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *