श्रीनगर गढ़वाल : एलयूसीसी वित्तीय धोखाधड़ी मामले की पीड़ित महिलाओं के धरने को शनिवार को 500 दिन पूरे हो गए। इस उपलक्ष्य में पौड़ी अड्डा स्थित पीपलचौंरी में महिलाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उनसे ठगी गई धनराशि का जल्द भुगतान कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा यदि शीघ्र उनका भुगतान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन करेंगे।
धरने का नेतृत्व कर रहीं सरस्वती देवी ने कहा कि महिलाओं की ओर से लड़ी जा रही लंबी लड़ाई के बाद सरकार जागी है। अब उनकी ठगी गई राशि का भुगतान कराए जाने के लिए सरकार के स्तर से ठगी पीड़ित महिलाओं से फार्म भराए जा रहे हैं। इसके लिए मेरठ में रजिस्ट्रार को नियुक्त किया गया है, जबकि राज्य के ठगी पीड़ितों के भुगतान के लिए उत्तराखंड में ही रजिस्ट्रार नियुक्त किया जाना चाहिए था। कहा कि बताया जा रहा है कि ठगी करने वालों की साढ़े तीन सौ करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई है, सरकार इस संपत्ति को नीलाम कर तत्काल ठगी पीड़ितों का भुगतान कराए। इस मौके पर रेखा गोस्वामी, गंगा भंडारी, सरस्वती सजवाण, सीमा रावत, अरूणा, लक्ष्मी भट्ट, विद्या, हैप्पी पंवार, देवेश्वरी, बीना रावत, मीना रावत, जानकी बुटोला आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)