देवाल/कर्णप्रयाग। कर्णप्रयाग-नैनीसैंण संकरी सड़क को पीपलसेरा में चौड़ा करने का काम लगातार जारी है। लोनिवि गौचर की ओर से ब्रेकर के माध्यम से चट्टान को तोड़कर सड़क चौड़ी की जा रही है। लोनिवि के सहायक अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि सड़क संकरी होने से वाहनों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में चट्टान को तोड़कर सड़क को चौड़ा किया जा रहा है जिससे यातायात सुरक्षित हो सके। वहीं ब्लॉक की हाटकल्याड़ी-सवाड़ सड़क मार्ग सतुवापानी के पास 14 अगस्त से बंद पड़ी है। सड़क बंद होने से गांव में राशन, सब्जी आदि आवश्यक सामग्री की किल्लत होने लगी है। ग्राम प्रधान आशा धपोला ने जल्द सड़क खोलने के लिए जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा।
मेडिकल कॉलेज के लिए क्रमिक अनशन जारी
नई टिहरी। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति का धरना और क्रमिक अनशन बृहस्पतिवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। वहीं सीएम ने स्थानीय लोगों को मामले में वार्ता के लिए न्योता दिया और कहा कि भूमि को लेकर कोई विवाद नहीं है।बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल के नेतृत्व में गणेश चौक बौराड़ी में लखवीर चौहान, नवीन सेमवाल, राहुल बुटोला, पर्वत कुमाईं, संतोष आर्य, देवांक चमोली, अंकुश, अमित रतूड़ी, सतीश चमोली, गंगा भगत सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट क्रमिक अनशन पर बैठे रहे। इस मौके पर महिपाल नेगी, कमल सिंह महर, प्रीति चौहान, डॉ. उम्मेद सिंह नेगी, किशोरी लाल चमोली, सीपी डबराल, जगजीत नेगी आदि मौजूद रहे।