बिग ब्रेकिंग

युवाओं के लिए सुनहरा मौका, दिसम्बर में कोटद्वार में होगी सेना भर्ती

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। उत्तराखंड में सेना में भर्ती होने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अगर आप सेना में जाने का सपना देख रहे हैं तो आपके लिए यह बहुत अच्छा मौका है। गढ़वाल मंडल में सेना भर्ती रैली होने जा रही है। दिसम्बर माह में गब्बर सिंह कैंप कौड़िया में आर्मी की भर्ती रैली प्रस्तावित है। हालांकि सेना ने अभी भर्ती रैली की तारीक का ऐलान नहीं किया है। लॉकडाउन के बाद पहली बार कोटद्वार में भर्ती रैली होने से हजारों की संख्या में युवाओं के रैली में शामिल होने की उम्मीद है।
गढ़वाल मंडल के सात जिलों में सेना में भर्ती होने का सपना देख रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। कोटद्वार में दिसम्बर माह में भर्ती आयोजित की जाएगी। सेना ने भर्ती की तैयारियां शुरू कर दी है। सोमवार को उपजिलाधिकारी कोटद्वार योगेश मेहरा, पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार अनिल जोशी सहित लैंसडौन के भर्ती निदेशक कर्नल विनीत वाजपेयी ने गब्बर सिंह कैंप कौड़िया में मैदान का निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा ने बताया कि गढ़वाल रेजिमेंट की भर्ती रैली से सम्बन्धित प्रस्ताव लैंसडौन भर्ती कार्यालय की ओर से आया है। भर्ती कार्यालय के कर्नल की ओर से अवगत कराया गया है कि दिसम्बर माह में भर्ती रैली आयोजित करने के लिए प्रयास कर रहे है। दिसम्बर माह में कोरोना गाइडलाइन के अनुसार भर्ती रैली आयोजित की जायेगी। एसडीएम ने बताया कि सोमवार को गब्बर सिंह कैंप कौड़िया का मौका मुआयना किया गया है। इससे पूर्व सेना के अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ भर्ती रैली को लेकर चर्चा की।
बता दें कि लैंसडौन भर्ती कार्यालय की ओर से पिछले तीन-चार साल से गब्बर सिंह कैंप कौड़िया में भर्ती रैली आयोजित की जा रही है, लेकिन इस वर्ष कोरोना महामारी को रोकने के लिए मार्च माह में पूरे देश में लॉकडाउन घोषित किया गया था। जिस वजह से पूरे देश में सभी भर्ती रैलियां स्थगित कर दी गई थी। अब अनलॉक-5 में सेना ने भर्ती रैली की तैयारियां शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!