एम्स ऋषिकेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मिलेगा पारामर्श

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में अगले सप्ताह से टेलीमेडिसिन सेवा शुरू होने जा रही है। सेवा शुरू होने से पहले शुक्रवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश की टीम ने अस्पताल में इसका सफल ट्रायल किया। ट्रायल के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया, जो सफल रहा।
विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बताया कि टेलीमेडिसिन सेवा शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए बार-बार ऋषिकेश या अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मरीज बेस अस्पताल से ही एम्स ऋषिकेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श प्राप्त कर सकेंगे। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि कोटद्वार में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। टेलीमेडिसिन सेवा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र नेगी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय सिंह, डॉ. विवेक मलिक, डॉ. हेमंत, डॉ. धीरज, इंजीनियर नवीन शर्मा, रजत भट्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *