जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हरेला सप्ताह के तहत जानकीनगर स्थित रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पौधरोपण एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और हरेला पर्व के सांस्कृतिक महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती एवं विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य अनिल कोटनाला ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, कृषि और संस्कृति के संरक्षण का संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। मीडिया प्रभारी आचार्य रोहित बलोदी ने बताया कि हरेला पर्व के मुख्य दिवस पर अवकाश होने के कारण विद्यार्थियों ने अपने-अपने घरों में अभिभावकों के साथ औषधीय, फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया। हरेला सप्ताह के दूसरे दिन विद्यालय में भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों ने हरेला के सांस्कृतिक, सामाजिक और पर्यावरणीय महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। सब जूनियर वर्ग में अनुष्का नैथानी ने प्रथम, आराध्या बिष्ट ने द्वितीय और नक्ष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में केशव प्रथम, आस्था द्वितीय और अपर्णा तृतीय रहीं। वहीं, सीनियर वर्ग में नवीन सिंह ने प्रथम, अभिनव नेगी ने द्वितीय और आकांक्षा ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में नंदिनी नैथानी, संगीता कुकशाल और सुबोध ध्यानी शामिल रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन साक्षी अग्रवाल एवं पूनम नेगी ने किया।