एसआईआर अभियान की समीक्षा, अधिकारियों को पारदर्शिता और समयबद्धता के दिए निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने कोटद्वार पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा के साथ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं और कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।
तहसील सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने मतदाता सूची के अद्यतन, दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित 16 नए मतदान केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान के तीसरे चरण में प्रत्येक दावा और आपत्ति का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बूथ स्तर पर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य किया जाए। उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी संदीप कुमार को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने के भी निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के बाद मंडलायुक्त ने राजकीय इंटर कॉलेज सुखरौं में स्थापित चार तथा महर्षि पब्लिक विद्या मंदिर, हरसिंहपुर में स्थापित दो मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय, दिव्यांगजनों के लिए रैंप, पहुंच मार्ग, भवनों की स्थिति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान से पूर्व निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। इस अवसर पर नगर आयुक्त पी.एल. शाह, उपजिलाधिकारी संदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।