नाली निकासी न होने से मकानों के पुश्ते ढहने का बना हुआ खतरा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नगर पालिका के वार्ड-4 स्थित डोभाल मार्ग मोहल्ले में लंबे समय से जल निकासी की समस्या से लोग परेशान हैं। पूरे मोहल्ले से निकलने वाला दूषित और बरसाती पानी दो मकानों के आस पास जमा होकर रिस रहा है, जिससे मकानों के पुश्ते ढहने का खतरा बना हुआ है। रिसाव के कारण घरों में सीलन बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यह समस्या बनीं हुई है। कई बार पालिका प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी समाधान नहीं हो पा रहा।
पौड़ी पालिका क्षेत्र के वार्ड-4 में ये घर सबसे नीचे हैं, ऐसे में पूरे मोहल्ले का दूषित पानी नालियों से होते हुए इसी हिस्से में जमा हो रहा है। आस पास दूषित पानी से गंदगी बढ़ रही है। जबकि बरसात होने पर पूरे मोहल्ले का पानी इसी जगह पर जमा हो जाता है। ऐसे में मकानों के पुश्ते ढह जाने का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि समस्या को कई बार सभासद को बताया गया, लेकिन आज तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया। इसके चलते प्रभावित परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने नगर पालिका से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। सामाजिक कार्यकर्ता राकेश गौरशाली ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन को मामले का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर उचित जल निकासी की व्यवस्था करनी चाहिए। जिससे प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके और उनके मकानों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके। वहीं नगर पालिका पौड़ी के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार का कहना है कि नाली निकासी नहीं होने से परेशानी स्वाभाविक है। इस मामले को जल्द दिखवा लिया जाएगा। निरीक्षण के बाद जो भी समाधान होगा, समय रहते उसे निस्तारित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *