खोह नदी तट पर विद्यार्थियों ने किया पौधरोपण, संरक्षण का लिया संकल्प
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रताप सिंह नेगी सरस्वती शिशु मंदिर, काशीरामपुर तल्ला की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने क्षेत्रवासियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने और प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. घनानंद शर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। काशीरामपुर तल्ला क्षेत्र से होकर निकली रैली के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण के बिना धरती पर जीवन की कल्पना संभव नहीं है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। रैली के उपरांत प्रधानाचार्य प्रदीप गुसाईं के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने खोह नदी तट पर पौधरोपण किया। इस दौरान सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम में हरीश सकलानी, आलोक माहेश्वरी, अनीता शर्मा, लक्ष्मी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।