जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत बालासौड़ में ‘ब्रह्माण्डेव कुटुम्बकम्’ पुस्तकालय एवं वाचनालय का श्री गणेश हो गया है। इस दौरान मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने युवाओं को पुस्तकों से मित्रता करने की सीख दी।
बालासौड़ में ‘ब्रह्माण्डेव कुटुम्बकम्’ नि:शुल्क पुस्तकालय एवं वाचनालय के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विस अध्यक्ष ने जीवन में पुस्तकों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों का संग्रह नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और सामाजिक परिवर्तन का सशक्त केंद्र है। समाज में अध्ययन की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ऐसे प्रयास बेहद सराहनीय हैं। उन्होंने पुस्तकालय की स्थापना के लिए डॉ. सुंदर लाल जोशी, कमला जोशी और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि जनसहभागिता से शुरू की गई ऐसी पहलें नई पीढ़ी को पढ़ने की आदत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पुस्तकालय का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा पुस्तक दान कर इस अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पुस्तकीय अध्ययन व्यक्ति में सकारात्मक सोच विकसित करता है और उसे तनाव, अवसाद तथा सामाजिक विकृतियों से दूर रखने में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में भी पुस्तकालयों की उपयोगिता बनी हुई है और युवाओं को अध्ययन की संस्कृति से जोड़ने के लिए ऐसे प्रयास आवश्यक हैं। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानाचार्य विजय लखेड़ा, प्रवेश चंद्र नवानी, कर्नल (सेवानिवृत्त) बुद्धिबल्लभ ध्यानी, सुभाष नौटियाल, महेंद्र जदली, कैलाश कुकरेती सहित अनेक शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।