जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : चोरपानी-सनेह जंगल में एक दंपती के शव पेड़ से लटके मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय बेस चिकित्सालय भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के ग्राम भूमिदान निवासी अमनदीप कौर और उनके पति सतविंद्र सिंह, निवासी अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है। बताया गया कि अमनदीप पिछले कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थीं। दो दिन पहले सतविंद्र सिंह भी अपनी पत्नी से मिलने ससुराल पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार दोनों मोटर साइकिल से कोटद्वार घूमने के लिए निकले थे। देर शाम उनकी मोटर साइकिल चोरपानी-सनेह जंगल के पास लावारिस अवस्था में मिली। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। सड़क से लगभग 150 मीटर भीतर जंगल में एक पेड़ से दोनों के शव लटके हुए मिले। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।