जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सेवानिवृत्त वन अधिकारी एवं कर्मचारी कल्याण समिति ने शुक्रवार को खोह नदी के तट पर पौध रोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के दौरान सदस्यों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने के साथ ही आमजन से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
पौध रोपण से पूर्व आयोजित बैठक में समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पंत ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। कहा कि पौधा लगाने के साथ उसका संरक्षण करना भी सभी की जिम्मेदारी है। हरेला पर्व के अवसर पर समिति विभिन्न स्थानों पर पौध रोपण अभियान चला रही है, जिसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी जरूरी है। समिति के सचिव केशीराम निराला ने अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष सुरेश चंद्र मधवाल, संरक्षक अनिल कुकरेती, उपाध्यक्ष हरीश चंद्र भट्ट, धर्मानंद ध्यानी, मीडिया प्रभारी चंद्र किशोर असवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।