जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बलभद्रपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित नेशनल खेल-2026 का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में डीएवी कोटद्वार, डीएवी जगजीतपुर (हरिद्वार) और डीएवी देहरादून के खिलाड़ियों ने फुटबॉल, बॉक्सिंग और तैराकी स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पहले दिन मेजबान डीएवी कोटद्वार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फुटबॉल और बॉक्सिंग में जोनल स्तर के लिए स्थान पक्का किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय की पर्यवेक्षिका सारिका रावत और खेल शिक्षक अजय व्यास ने ध्वजारोहण कर किया। फुटबॉल प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में डीएवी कोटद्वार ने डीएवी जगजीतपुर (हरिद्वार) को 2-1 से हराया। वहीं अंडर-19 वर्ग में मेजबान टीम ने डीएवी देहरादून को 6-0 के बड़े अंतर से शिकस्त देकर जोनल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। बॉक्सिंग मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने तकनीकी कौशल और अनुशासन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विभिन्न भार वर्गों में डीएवी कोटद्वार और डीएवी देहरादून के खिलाड़ियों ने स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए। अंडर-17 बालक वर्ग में अनिकेत मनोड़ी (57-60 किग्रा), रुद्रांश कौशल (60-63 किग्रा), आयुष तिवारी (63-66 किग्रा) और कृष्णा नेगी (66-70 किग्रा) ने जोनल स्तर के लिए क्वालीफाई किया। अंडर-14 वर्ग में आयुष्मान राणा (36-38 किग्रा) तथा अंडर-17 बालिका वर्ग में ऐश्वर्या सिंह (46-48 किग्रा) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जोनल में जगह बनाई। तैराकी प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक वर्ग की 50 और 100 मीटर स्पर्धा में बीएम डीएवी हरिद्वार के शुभम ने स्वर्ण पदक जीतकर जोनल स्तर के लिए क्वालीफाई किया। समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य नितिन भाटिया ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।