जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार : सतपुली थाना पुलिस ने गुलदार की खाल बेचने की तैयारी कर रहे एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गुलदार की खाल बरामद की है। पूछताछ में आरोपित ने करीब दो वर्ष पहले फंदा लगाकर गुलदार का शिकार करने की बात स्वीकार की है।
थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जयहरीखाल विकासखंड के ग्राम पोखरी (दुधारखाल) निवासी एक व्यक्ति के पास गुलदार की खाल है, जिसे वह हरियाणा ले जाकर बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम पोखरी निवासी संदीप कुमार धस्माना के घर में छापा मारा। तलाशी के दौरान घर में रखे टिन के एक बक्से से गुलदार की खाल बरामद हुई। थाना प्रभारी अनिल चौहान ने बताया कि पूछताछ में संदीप ने स्वीकार किया कि उसने करीब दो वर्ष पूर्व जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था। शिकार के बाद उसने खाल निकालकर उसे सुखाया और बाद में अपने घर में छिपाकर रख दिया। अब वह खाल को बेचने की तैयारी कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।