श्रीनगर गढ़वाल : नगर निगम के अंतर्गत ढामक की मूल निवासी स्व. सूर्य प्रकाश चमोली एवं अंजली देवी की पुत्री गार्गी चमोली ने जेआरएफ-नेट में देशभर में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। गार्गी की इस शानदार उपलब्धि से गांव में खुशी की लहर है।

गांव में संचालित आनंदा इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक डॉ. उत्तम सिंह भंडारी ने गार्गी को बधाई देते हुए उनसे विद्यालय का भ्रमण कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि गार्गी की सफलता क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। खुशी जताने वालों में आनंदा इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्य गीता भंडारी, ग्राम सभा ढामक की पूर्व प्रधान सावित्री शाह, सुमन चमोली, कुलदीप चमोली, धन सिंह, प्रवीण चमोली, दीपक थापलियाल आदि शामिल रहे। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज हिंसरियाखाल से इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली प्रिया बंगवाल ने नेट में 97 परसेंटाइल हासिल कर सफलता प्राप्त की है। प्रिया की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. हर्षमणि पांडेय व अन्य शिक्षकों ने प्रिया बंगवाल को बधाई दी। (एजेंसी)