जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के गोविंद नगर स्थित श्री गीता भवन उत्सव समिति की बैठक में आगामी चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के तहत राधा-कृष्ण के विग्रह का विभिन्न प्रकार के फूलों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर परिसर में आकर्षक सेल्फी जोन भी बनाया जाएगा। इसके अलावा मंदिर को रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजाया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक रामप्रकाश शर्मा ने बताया कि इस वर्ष श्री गीता भवन में ‘संस्कारी जैन जी, संस्कारों की नई पहचान’ विषय पर झांकियों का भव्य आयोजन किया जाएगा। साथ ही सफल युवाओं पर आधारित प्रेरणादायक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। इनमें बीसी लक्ष्मण, मनु भाकर और ज्ञानेश्वर यादव की उपलब्धियों के साथ ही उनके प्रेरणास्रोतों को दर्शाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी उत्सव को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए समिति की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।