जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में लगातार बढ़ रहे डेंगू के मामलों को देखते हुए प्रशासन ने रोकथाम के प्रयास तेज कर दिए हैं। मंगलवार को उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर डेंगू की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में डेंगू का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में सभी विभागों को पूरी तरह अलर्ट रहकर काम करना होगा।

तहसील में आयोजित बैठक में उपजिलाधिकारी ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण घरों की छतों, गमलों, खाली डिब्बों और अन्य स्थानों पर पानी जमा हो रहा है। इसमें मच्छरों का लार्वा पनपने की आशंका रहती है। उन्होंने अधिकारियों को लोगों को जागरूक करने के साथ ही जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और नियमित रूप से फॉगिंग व अन्य आवश्यक गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही डेंगू से बचाव को लेकर नगर निगम के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। उपजिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में टीमें गठित कर घर-घर सर्वे कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान संभावित लार्वा स्थलों को चिह्नित करने के साथ लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाए। बैठक में सहायक नगर आयुक्त अजय अष्टवाल, डेंगू नोडल अधिकारी डॉ. चारू रावत, सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बीएम गुप्ता आदि मौजूद रहे।