जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गुमखाल-सतपुली हाईवे निर्माण कार्य के दौरान आसपास के मकानों को नुकसान पहुंचने का मामला सामने आया है। नगर पंचायत सतपुली के वार्ड नंबर 4 निवासी धर्मेंद्र सिंह ने हाईवे निर्माण कार्य के कारण अपने मकान में दरारें आने का आरोप लगाया है। मकान में लगातार उभर रही दरारों से परिवार की चिंता बढ़ गई है।

धर्मेंद्र सिंह पुत्र गणेश सिंह, का कहना है कि उन्होंने मकान में आई दरारों की शिकायत राष्ट्रीय राजमार्ग प्रशासन से की थी। शिकायत के बाद संबंधित कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर दरारों में सीमेंट का घोल भर दिया था। हालांकि, कुछ समय बाद उन्हीं स्थानों पर दोबारा दरारें दिखाई देने लगीं। पीड़ित का आरोप है कि हाईवे निर्माण कार्य के दौरान हो रही गतिविधियों के कारण मकान को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कराकर मकान को हुए नुकसान का आंकलन करने और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस संबंध में परिवार ने एसडीएम को भी लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की जांच कराने की मांग की। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मकान को और अधिक नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मकान में आई दरारों का कारण हाईवे निर्माण कार्य है या कोई अन्य तकनीकी कारण।