जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, चाकीसैंण, पौड़ी गढ़वाल में विद्यालय परिवार द्वारा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता विकसित करना था। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण किया तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्रधानाचार्य रघुबीर सिंह रावत द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला लोक उत्सव है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।