श्रीनगर गढ़वाल : राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) और गढ़वाल विवि के लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र की ओर से आयोजित नाट्य कार्यशाला में महेश एलकुंचवार के चर्चित नाटक विरासत का प्रथम मंचन किया गया। यथार्थवादी शैली में प्रस्तुत इस नाटक को दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली और कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय की जमकर सराहना हुई।

नाटक का निर्देशन गढ़वाल विवि के लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र के सहनिदेशक महेंद्र सिंह पंवार ने किया। नाटक से पारिवारिक रिश्तों, बदलते मूल्यों और पीढ़ियों के बीच बढ़ती दूरी को संवेदनशील एवं सहज ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर केंद्र के निदेशक गणेश खुगशाल गणी, उपनिदेशक डॉ. संजय पांडेय तथा जेके पैन्यूली सहित अनेक रंगकर्मी एवं दर्शक उपस्थित रहे। नाटक में रोहन गुप्ता, शिवम सिंह, प्राची, मेघा ध्यानी, प्रीति रावत, नितिन सिंह, शुभम वर्मा, मौली दानू आदि ने अभिनय किया। (एजेंसी)