कैरियर काउंसलिंग में विद्यार्थियों को स्वरोजगार के सिखाए गुर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, लैंसडाउन की ओर से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों को रोजगार और स्वरोजगार के लिए सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और अवसरों की जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं को बदलते रोजगार बाजार के अनुरूप कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीएस नेगी और सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्राचार्य प्रो. डीएस नेगी ने कहा कि वर्तमान समय में केवल डिग्री हासिल करना रोजगार की गारंटी नहीं है। विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता के साथ रोजगारपरक कौशल, तकनीकी ज्ञान और आत्मविश्वास विकसित करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपनी रूचि और क्षमता के अनुरूप कैरियर लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर सीखते रहने का आह्वान किया। सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने विद्यार्थियों को कैरियर के विभिन्न विकल्पों, सेवायोजन विभाग के पोर्टल और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रोजगार के क्षेत्र में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए युवाओं के लिए व्यावहारिक और रोजगार परक कौशल विकसित करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कैरियर का चयन कर सरकारी योजनाओं और विभागीय सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। काउंसलिंग सत्र के दौरान विद्यार्थियों को कैरियर चयन, रोजगार के उपलब्ध अवसरों, कौशल विकास तथा सेवायोजन विभाग की सुविधाओं और योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों ने कैरियर से जुड़े विभिन्न सवाल भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी डा. विनोद सिंह भंडारी, कैरियर परामर्श प्रकोष्ठ की संयोजक डा. मनीषा सिंह, समिति सदस्य डा. गणेश चंद, डा. हिमांशु, डा. गीता, डा. भुवनेश कुमार, डा. आशाराम बिजल्वाण, डा. संदीप कुमार, डा. संजय मदान और डा. मीनाक्षी वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *